नयी दिल्ली: देश में कोविड-19 की जांच तेज करने के लिए वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) ने रिलायंस इंडस्ट्रीज के साथ मिलकर सस्ती जांच किट विकसित की है।
एक सरकारी बयान के मुताबिक सीएसआईआर के महानिदेशक डॉ. शेखर मांडे के मार्गदर्शन में कोविड-19 के संबंध में विभिन्न अनुसंधान गतिविधियों को समन्वित करने के लिए पांच लक्ष्य तय किए गए हैं। यह लक्ष्य डिजिटल एवं आणविक निगरानी, औषधि और टीके, तीव्र और किफायती नैदानिकी, अस्पताल सहायक उपकरण और पीपीई और आपूर्ति श्रृंखला एवं लॉजिस्टिक्स हैं।
बयान के मुताबिक सीएसआईआर-जम्मू ने इसके लिए रिलायंस इंडस्ट्रीज के साथ समझौता किया है। यह किट आरटी-एलएएमपी पर आधारित है। इसके कच्चे माल समेत यह पूरी तरह से स्वदेश निर्मित हैं। गले और नाक से नमूने लेने के बाद मात्र 45 से 60 मिनट के भीतर ही यह टेस्ट रपट दे देती है। यह विदेशों से आयातित किट के मुकाबले सस्ती है और सटीक नतीजे देती है।

