सोमवार को भारतीय शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। जब बाजार बंद हुआ तो सेंसेक्स 17.39 अंक की बढ़त के साथ 73,895.54 अंक पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 33.15 अंक गिरकर 22,442.70 अंक पर बंद हुआ। आज के कारोबार में कोटक बैंक और टीसीएस के शेयरों में जबरदस्त तेजी देखने को मिली. कोटक बैंक का शेयर 5.02% उछलकर 1624.85 रुपये पर बंद हुआ। इसके अलावा TCS, HINDUNILVR, M&M, SUNPHARMA, TECHM, INDUSINDBK, INFY, JSWSTEEL, HCLTECH, BHARTIARTL, TATASTEEL और ICICIBANK के शेयरों में भी तेजी रही।
सेंसेक्स की कंपनियों में कोटक महिंद्रा बैंक पांच प्रतिशत चढ़ गया। मार्च तिमाही में बैंक का मुनाफा 25 प्रतिशत बढ़कर 5,302 करोड़ रुपये होने के बाद इसके शेयरों में तेजी आई। इसके अलावा Tata Consultancy Services, Hindustan Unilever, Mahindra & Mahindra, Sun Pharma, Tech Mahindra और IndusInd Bank भी प्रमुख लाभ में रहे। दूसरी ओर, टाइटन में सात प्रतिशत की गिरावट आयी। कंपनी के मार्च तिमाही के वित्तीय नतीजे निवेशकों को उत्साहित करने में विफल रहे। इसके अलावा State Bank of India, NTPC, Power Grid, Bajaj Finance और Larsen & Toubro के शेयर भी नुकसान में रहे।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को 2,391.98 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। एशिया के अन्य बाजारों में चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग सकारात्मक क्षेत्र में रहे। जापान और दक्षिण कोरिया में छुट्टियों के कारण बाजार बंद रहे। यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरुआती कारोबार में तेजी का रुख रहा. शुक्रवार को अमेरिकी बाजार वॉल स्ट्रीट बढ़त में रहा.

