दिग्गज आईटी कंपनी इंफोसिस ने अपने चौथी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। पिछले वित्त वर्ष की आखिरी तिमाही में कंपनी के मुनाफे में जबरदस्त उछाल आया है। जनवरी-मार्च 2024 तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा 30 फीसदी बढ़कर 7,969 करोड़ रुपये हो गया. वहीं कंपनी के रेवेन्यू में 1.2 फीसदी का उछाल आया है. भारत की दूसरी सबसे बड़ी आईटी कंपनी इंफोसिस का रेवेन्यू 1.3 फीसदी बढ़कर 379.23 अरब रुपये हो गया. यह विश्लेषकों के अनुमान 386.24 अरब रुपये से कम है। इंफोसिस ने वित्तीय वर्ष 2025 के लिए 1 से 3 प्रतिशत की राजस्व वृद्धि का अनुमान लगाया है।
गुरुवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर इंफोसिस का शेयर बढ़त के साथ बंद हुआ। कंपनी के शेयर 0.41 फीसदी या 5.80 रुपये की बढ़त के साथ 1420.55 रुपये पर बंद हुए। इस शेयर का 52 हफ्ते का उच्चतम स्तर 1731 रुपये है. जबकि, 52 सप्ताह का निचला स्तर 1215.45 रुपये है. गुरुवार को बीएसई पर कंपनी का मार्केट कैप 5,89,651.48 करोड़ रुपये पर बंद हुआ।
भारत का 254 अरब डॉलर का आईटी सेक्टर पिछली कुछ तिमाहियों से संघर्ष कर रहा है। क्योंकि ग्राहकों ने मुद्रास्फीति के दबाव में गैर-जरूरी परियोजनाओं पर खर्च कम कर दिया है। इसके चलते कंपनियों को बड़े सौदे हासिल करने के लिए अधिक कठिन अनुबंध शर्तों को स्वीकार करना पड़ रहा है। जबकि ग्राहक परियोजनाओं पर फिर से बातचीत कर रहे हैं, देरी कर रहे हैं या रद्द कर रहे हैं। इससे इंडस्ट्री की ग्रोथ में काफी गिरावट आई है.

