विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों यानि FPI ने इस महीने के पहले तीन हफ्तों में भारतीय शेयर बाजारों से 13,000 करोड़ रुपये से अधिक निकाले हैं। भारतीय शेयरों के उच्च मूल्यांकन और अमेरिका में बढ़ती बांड पैदावार के कारण FPI बिकवाल बने हुए हैं। डिपॉजिटरी डेटा के मुताबिक विदेशी निवेशक ऋण या बांड बाजार को लेकर उत्साहित हैं। समीक्षाधीन अवधि में उन्होंने बांड बाजार में 15,647 करोड़ रुपये का निवेश किया है। आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने 19 जनवरी तक भारतीय शेयरों से 13,047 करोड़ रुपये निकाले हैं. उन्होंने 17-19 जनवरी के दौरान 24,000 करोड़ रुपये से ज्यादा के शेयर बेचे. इससे पहले दिसंबर में विदेशी निवेशकों ने शेयरों में शुद्ध रूप से 66,134 करोड़ रुपये और नवंबर में 9,000 करोड़ रुपये का निवेश किया था।
बाजार के जानकारों के मुताबिक विदेशी निवेशकों द्वारा बिकवाली करने के दो कारण हैं। एक तो अमेरिका में बॉन्ड यील्ड बढ़ रही है, 10-वर्षीय बांड पर ब्याज दर 3.9 प्रतिशत से बढ़कर 4.15 प्रतिशत हो गई है, जिससे उभरते बाजारों से पूंजी निकल रही है और दूसरा कारण भारत में शेयरों का ऊंचा मूल्यांकन है. HDFC बैंक के उम्मीद से कमजोर नतीजों का हवाला देकर विदेशी निवेशक बड़े पैमाने पर बिकवाली कर रहे हैं।
विशेषज्ञों के मुताबिक विदेशी निवेशकों की भारी बिकवाली का कारण HDFC Bank के निराशाजनक तिमाही नतीजे हैं। विदेशी निवेशकों ने नए साल की शुरुआत में सतर्क रुख अपनाया और ऊंचे मूल्यांकन के कारण भारतीय शेयर बाजारों में मुनाफावसूली की. इसके अलावा, ब्याज दर परिदृश्य को लेकर अनिश्चितता ने भी उन्हें किनारे पर रहने के लिए मजबूर किया है। FPI भारत जैसे उभरते बाजारों में निवेश करने से पहले और अधिक संकेतकों की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

