कोरोनावायरस महामारी के चलते मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस (MWC) ईवेंट अब 28 जून 2021 से शुरू होगा. यह जानकारी ग्लोबल इंडस्ट्री बॉडी GSM Association ने दी है. MWC टेलिकॉम सेक्टर का दुनिया का सबसे बड़ा 4 दिवसीय ईवेंट होता है. वैसे तो हर साल यह ईवेंट फरवरी माह के आखिरी सप्ताह में होता है लेकिन इस साल कोविड19 महामारी के चलते टेलिकॉम कंपनियों द्वारा एक के बाद एक इस सालाना ईवेंट में शामिल होने से मना करने के बाद MWC रद्द कर दिया गया था.
इनमें वोडाफोन, सिस्को, एलजी, वीवो, एनटीटी डोकोमो, सोनी, अमेजन, फेसबुक, मीडियाटेक और इंटेल समेत अन्य कंपनियां शामिल थीं. GSMA ने बयान में कहा कि MWC21 शंघाई अब 23 से 25 फरवरी 2021 और MWC21 बार्सिलोना 28 जून से 1 जुलाई 2021 को आयोजित होगा. GSM एसोसिएशन 2006 से मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस ईवेंट को हर साल बार्सिलोना, स्पेन में आयोजित करती है.
MWC में सरकारें, मंत्री, नीति निर्माता, ऑपरेटर्स और इंडस्ट्री लीडर दूरसंचार के साथ टेक्नोलॉजी सेक्टर में डेवलपमेंट्स पर चर्चा करते हैं. मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस ईवेंट में टॉप इंडियन इंडस्ट्री लीडर्स, सरकार के शीर्ष अधिकारी और मंत्री भी हिस्सा लेते हैं. हर साल इस ईवेंट में पूरी दुनिया से लगभग 1 लाख लोग हिस्सा लेते हैं.

