नयी दिल्ली: सरकार ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसने प्रधानमंत्री कृषि संपदा योजना (पीएमकेएसवाई) के तहत खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र के लिए 406 करोड़ रुपये के निवेश वाली 32 परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इन परियोजनाओं को 17 राज्यों में लागू किया जायेगा और इससे 15,000 रोजगार सृजित करने का लक्ष्य है।
एक सरकारी बयान में कहा गया कि खाद्य प्रसंस्करण मंत्री हरसिमरत कौर बादल की अध्यक्षता में अंतर-मंत्रालयी अनुमोदन समिति द्वारा पीएमकेएसवाई की ‘इकाई’ योजना के तहत इन परियोजनाओं को मंजूरी दी गई। बयान में कहा गया है कि इन परियोजनाओं को मंजूरी देने के लिए अंतर-मंत्रिस्तरीय स्वीकृति समिति (आईएमएसी) की बैठकें 21 और 26 फरवरी को हुईं। इसमें कहा गया है कि स्वीकृत परियोजनाएं देश के विभिन्न क्षेत्रों और 100 से अधिक कृषि जलवायु क्षेत्रों को अपने दायरे में लाती हैं।
योजना का मुख्य उद्देश्य प्रसंस्करण और संरक्षण क्षमताओं का निर्माण और मौजूदा खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों का आधुनिकीकरण एवं विस्तार करना है ताकि प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन के स्तर को बढ़ाया जा सके और बर्बादी को कम से कम किया जा सके।

